नड्डा ने इंडिया गठबंधन को आड़े हाथों लिया कहा भ्रष्टाचार और परिवारवादी को बचाने के लिए है यह गठबंधन
3अप्रैल,झालावाड़। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने झालावाड़ में इंडिया गठबंधन के परिवारवाद पर जम कर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन सिर्फ़ परिवार और भ्रष्टाचार को बचाने के लिए बनाया हुआ है। श्री नड्डा आज झालावाड़-बारां लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी दुष्यंत सिंह के समर्थन में यहाँ प्रवीण शर्मा क्रिकेट मैदान पर आयोजित रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इंडिया गठबंधन में शामिल दलों के नेताओं के नाम गिनाते हुए उनके घोटालों का किया। उन्होंने कहा कि आज इन दलों के नेता या तो बेल पर हैं या फिर जेल में हैं। इन्हें देश से कुछ भी लेना देना नहीं है। भाजपा ही वह पार्टी है जो देश को आगे ले जाने की दिशा में सोचती है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने पिछले दस सालों में चार करोड़ गरीब परिवारों को पीएम आवास योजना का लाभ दिया है। इस अवधि में 25 लाख से भी ज़्यादा गावों को सड़कों से जोड़ा गया वहीं स्वच्छ भारत अभियान में पाँच लाख गाँव शौच मुक्त हुए। श्री नड्डा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में भाजपा सरकार ने नारी शक्ति वंदन विधेयक पारित कर महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक काम किया। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना की चर्चा करते हुए वसुंधरा राजे के कार्यकाल के दौरान राजस्थान में लागू की गई भामाशाह योजना की सराहना की। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में ग्यारहवीं से पाँचवीं पायदान पर आ चुका है। जल्दी ही हम विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था होंगे। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता के रास्ते पर बढ़ते हुए हमारा प्रयास 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को हासिल करने का है। दलों का नहीं दिलों का रिश्ता: वसुन्धरा राजे पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा है कि यहाँ लोगों से उनका दलों का नहीं दिलों का रिश्ता है।उन्होंने कहा कि यहाँ के लोगों ने प्यार की जो चुनरी उन्हें पहली बार 1989 में ओढ़ाई थी और जो आशीर्वाद का दुशाला दुष्यंत को यहाँ के लोगों ने 2014 में ओढ़ाया था, उस पर उन्होंने कभी दाग नहीं लगने दिया। लेकिन पिछले 5 सालों में कांग्रेस सरकार ने बारां-झालावाड़ के साथ दुर्भावना से काम किया।यहाँ के जिन लोगों को सरकार में शामिल किया, मंत्री बनाया उन्होंने लोगों का नहीं,ख़ुद का पेट भरा। श्रीमती राजे ने कहा कि दुष्यंत जब 2004 में पहली बार यहाँ नामांकन भरने आये थे,तब उन्हें चिंता थी कि ये हमारे परिवार के दिल में जगह बना पायेंगे या नहीं ? लेकिन उन्हें ख़ुशी है कि दुष्यन्त ने यहाँ के लोगों के दिलो में जगह बना ली। उन्होंने कहा आज प्रगति के पथ पर दौड़ने के लिए इस लोकसभा क्षेत्र में चारों तरफ़ सरसराता सड़क मार्ग है।विकास की ऊँची उड़ान भरने के लिए यहाँ हवाईअड्डा बन रहा है।मंज़िल तक पहुँचने के लिए यहाँ रेल मार्ग भी है।सही मायने में मोदी जी के विकसित भारत के सपने को हमने बारां-झालावाड़ में साकार किया है। वाजपेयी की कविता से बताया सेवा का लक्ष्य सांसद प्रत्याशी दुष्यंत सिंह ने कहा कि क्षेत्र में चहुँमुखी विकास की धारा को और आगे तक ले जाने का संकल्प लेकर वह फिर से मैदान में हैं। उन्होंने कहा कि आधारभूत ढाँचे की मज़बूती के साथ किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोज़गार के संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में वह प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने स्व अटल बिहारी वाजपेयी की कविता की पंक्तियों , ‘नए मील का पत्थर पार हुआ, कितने पत्थर शेष ना कोई जानता, अंतिम कौन पड़ाव नहीं पहचानता।’ सुनाते हुए अपने लक्ष्यों की ओर इंगित किया। कार्यक्रम के दौरान झालावाड़ एवं बारां ज़िलों के विधायक, जनप्रतिनिधि एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जेपी नड्डा ने इंडिया गठबंधन के परिवारवाद पर जमकर साधा निशान।
(Visited 10 times, 1 visits today)