*अहिल्याबाई का जीवन त्याग, सेवा और न्याय का अद्वितीय उदाहरण : गोपाल शर्मा*
– *लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 230वीं पुण्यतिथि पर सिविल लाइंस में पुष्पांजलि कार्यक्रम*
जयपुर (13 अगस्त, 2025)। पुण्यश्लोका लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 230वीं पुण्यतिथि के अवसर पर सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र के हरिपुरा स्थित लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर स्मृति उद्यान में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। बघेल समाज द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने अहिल्याबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शर्मा ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का जीवन त्याग, सेवा और न्याय का अद्वितीय उदाहरण है। विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने धर्म और न्याय के पथ पर चलते हुए जनकल्याण के कार्य किए। हमें उनके जीवन से यह प्रेरणा लेनी चाहिए कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, दृढ़ संकल्प और निस्वार्थ सेवा से हम समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं।
इस अवसर पर बघेल समाज के प्रदेश सचिव किशन सिंह बघेल, शांति नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन सैनी, मंडल महामंत्री रामावतार वैदवाल, वार्ड अध्यक्ष हरवीर सिंह, पार्षद प्रत्याशी करण सिंह, समाजसेवी सोरण सिंह पाल और अमर सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, मातृशक्ति और समाजबंधु मौजूद रहे।
गौरतलब है कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर स्मृति उद्यान का निर्माण और अहिल्याबाई होल्कर की आठ फीट ऊंची प्रतिमा की स्थापना उनकी 300वीं जयंती के अवसर पर हुई थी, जिसका लोकार्पण विगत 31 मई को विधायक गोपाल शर्मा ने किया था।