पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम को किया याद।

Listen to this article

पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जन्म जयंती के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से हुआ भव्य कार्यक्रम भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा सामाजिक क्षेत्र की अनेक विभूतियों को किया सम्मानित जयपुर, 15 अक्टूबर 2025। आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में भारत रत्न और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जन्म जयंती के अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से “प्रतिभा सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सबसे पहले “भारत के मिसाइल मैन” डॉ. कलाम को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।इसके पश्चात डॉ. कलाम के आदर्शों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का स्मरण करते हुए समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। कल जैसलमेर में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में दिवंगतों के प्रति दो मिनट का मौन रखकर संवेदना व्यक्त की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ए.पी. अब्दुल्ला कुट्टी ने कहा कि कांग्रेस और वामपंथी दलों द्वारा पूरे देश में मोदी सरकार और भाजपा के संबंध में भ्रामक प्रचार किया जा रहा है, जबकि सम्पूर्ण विश्व में यदि अल्पसंख्यक समुदाय सबसे अधिक सुरक्षित है तो वह केवल भारत में ही है।
उन्होंने कहा कि गरीबी के वातावरण से निकलकर देश के सर्वोच्च पद पर पहुँचना डॉ. कलाम की महानता का प्रतीक है, जो न केवल अल्पसंख्यक समाज बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणादायी है। मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. कलाम ने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि शिक्षा, अनुशासन और कर्मनिष्ठा से ही राष्ट्र का निर्माण संभव है। युवाओं को उनके “विकसित भारत” के स्वप्न को साकार करने के लिए आगे आना चाहिए। उनका सरल और प्रेरक जीवन हम सभी के लिए अनुकरणीय है।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हमीद ख़ान मेवाती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “विकसित भारत” का सपना डॉ. कलाम के “न्यू इंडिया” के विज़न का ही विस्तार है। हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की दिशा में अग्रसर करना चाहिए।
कार्यक्रम के संयोजक एवं अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश महामंत्री जावेद क़ुरैशी ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए कहा कि डॉ. कलाम का जीवन सादगी, ईमानदारी और विज्ञान के प्रति समर्पण का अद्भुत उदाहरण है। कार्यक्रम में मंच संचालन मोर्चा के प्रदेश मंत्री मुराद अली शेख ने किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सरदार अजयपाल सिंह, मोतीलाल मीणा, जयपुर शहर सांसद डॉ. मंजू शर्मा, मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हुसैन ख़ान, एसटी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष नारायण मीणा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष फिरोज ख़ान, डॉ. मजीद मलिक कमांडो, एम. सादिक ख़ान, हिदायत ख़ान धोलिया, डॉ. तसलीम बानो सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

संयोजक, प्रदेश मीडिया विभाग भाजपा

(Visited 1 times, 1 visits today)