माननीय मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी सीताराम अग्रवाल के समर्थन में सीतावाली फाटक पर एक विशाल सभा को संबोधित किया। सभा में गहलोत ने कहा कि वो जयश्री राम कहते हैं और हम जय सियाराम कहते हैं। लेकिन इनका नाम सीताराम है। इसलिए सीताराम को कामयाब करो। क्योंकि तभी कांग्रेस की सरकार बन सकती है। उन्होंने कहा कि यहां की भाजपा उम्मीदवार सांसद तो ठीक है। यहां क्यों आई है। यहां राजा और रंक की लड़ाई हो रही है। सिटी पैलेस में तो कोई जा नहीं सकता। मैंने सुना है वहां जाने के 200 रुपए लगते हैं। विदेशियों के तो और भी ज्यादा लगते हैं। अब आप लोग कहां मिलने के लिए सिटी पैलेस जा पाओगे। यह सीताराम तो खुद घर घर घूमने वाला व्यक्ति है। जब चाहो मिल लो। सोनिया गांधीजी व राहुल गांधीजी ने बहुत सोच समझकर इनको फिर से मैदान में उतारा है। पिछली बार कामयाब हो नहीं पाए थे। इसके बावजूद 5 साल तक आपके घर घर जाकर काम किया। सभा में सीताराम अग्रवाल ने कहा कि पिछली बार जब परिणाम आया था उसके अगले दिन में गहलोत साहब से मिलने गया था। उन्होंने उसी दिन कह दिया था कि भले ही आप जीत नहीं पाए। लेकिन आपकी कलम में ताकत रहेगी। इसके बाद मैंने उसी कलम के बल पर 5 साल तक जनता का सेवक बनकर काम किया। यह चुनाव नामदार और कामदार के बीच है। सभा में बड़ी संख्या लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की विद्याधर नगर विधानसभा में जनसभा।
(Visited 6 times, 1 visits today)